
पिपरिया में ख़ूनी संघर्ष, शराब के नशे में गाली-गलौज बनी खूनी संघर्ष की वजह, सब्बल के वार से अधेड़ की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
पिपरिया के ग्राम खापरखेड़ा में अंधे कत्ल का पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा, विवाद के दौरान सिर पर किया था जानलेवा हमला
नवलोक समाचार,पिपरिया। यहां समीपस्थ ग्राम खापरखेड़ा में सड़क किनारे खून से लथपथ मिले अधेड़ के शव के मामले में पिपरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब के नशे में गाली-गलौज और विवाद के बाद दो लोगों ने मिलकर अधेड़ पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक आरोपी ने सब्बल से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह 9 नवंबर को ग्राम खापरखेड़ा के मोगिया मोहल्ले में ग्रामीणों को गांव की सड़क पर घोड़े के पास ओमकार उर्फ गोटू पटेल (54), पिता कोमल सिंह पटेल का खून से सना शव पड़ा मिला। सूचना पर पिपरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पिपरिया अस्पताल भेजा गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एसडीओपी पिपरिया आशीष सिंह पवार तथा थाना प्रभारी आदित्य सेन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्षियों के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद, सब्बल से सिर पर किया वार
पुलिस जांच में सामने आया कि 8 और 9 नवंबर की दरमियानी रात मृतक ओमकार उर्फ गोटू पटेल शराब के नशे में था। वह नशे की हालत में ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करता घूम रहा था। उसकी इस आदत से मोहल्ले के लोग लंबे समय से परेशान थे। दीपावली की रात भी ग्रामीणों ने उसे समझाया और कुछ लोगों ने अपने घरों के सामने से उसे भगाया था।
इसी रात करीब 11 से 12 बजे के बीच मोगिया मोहल्ले में ओमकार की संतोष कहार और बाबूलाल कहार से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी भी नशे की हालत में थे। इसी दौरान संतोष कहार ने सब्बल से ओमकार के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह वहीं गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई।
दोनों आरोपियों पर पहले से भी दर्ज हैं अपराध
पुलिस ने मामले में संतोष कहार और बाबूलाल कहार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी दो-दो अपराध पंजीबद्ध हैं। फिलहाल दोनों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
मामले के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी पिपरिया आदित्य सेन, उप निरीक्षक अमित भारद्वाज, उप निरीक्षक मानिक सिंह भट्टी, उप निरीक्षक सुशील कुशवाहा, प्रधान आरक्षक उपेंद्र दुबे, आरक्षक शुभम वर्मा, आरक्षक स्नेह साहू एवं आरक्षक राधेश्याम की भूमिका उल्लेखनीय रही।





