
पचमढ़ी में गैंगरेप आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय हंगामा
बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी, वीडियो वायरल, शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज
नवलोक समाचार,पचमढ़ी/नर्मदापुरम। पचमढ़ी में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय ले जाते समय शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। आरोपियों को पुलिस वाहन से बाहर निकालने की मांग को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला झूमाझटकी तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी युवकों को न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद बजरंग दल कार्यकर्ता आरोपियों को पुलिस वाहन से बाहर निकालने पर अड़ गए। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए आरोपियों को कार्यकर्ताओं से बचाया और उन्हें सुरक्षित न्यायालय तक पहुंचाया।
आरक्षक की शिकायत पर एफआईआर
घटना के बाद पचमढ़ी थाने में पदस्थ आरक्षक दुर्गेश लोधी की शिकायत पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सौरभ गायकवाड़, पुरुषोत्तम उर्फ बंटी नागवंशी, विश्वेश्वर नागवंशी, प्रियांश उर्फ सम्राट बेन, संजय कोरी, आकाश उर्फ गोलू, कौशल घूड़ेले और रमेश त्रिपाठी सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
नाबालिग से गैंगरेप का गंभीर मामला
गौरतलब है कि पूरा मामला पचमढ़ी थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नाबालिग के दोस्त को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने के दौरान यह हंगामा हुआ।
आरोपियों के कोर्ट में पेशी के दौरान हुए विवाद और झूमाझटकी ने अब मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।





