
30 फीट ऊंची दही हांडी फोड़ छिंदवाड़ा टीम बनी विजेता, इनामी राशि बढ़कर पहुंची 57,400 रुपए
पिपरिया में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन
नवलोक समाचार,पिपरिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन द्वारा आयोजित दही हांडी मटकी फोड़ प्रतियोगिता शनिवार देर रात तक उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा की के.एन.जी. गोविंदा टीम शानदार नियंत्रण का प्रदर्शन करते हुए करीब 30 फीट ऊंची दही हांडी को फोड़कर लगातार दूसरी बार विजेता बनी। प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का प्रारंभिक इनाम 11 हजार रुपए निर्धारित किया गया था, लेकिन विधायक, सांसद, पिपरिया पुलिस प्रशासन समेत क्षेत्रीय समाजसेवियों और सेवाभावी धर्मावलंबियों के सहयोग से नकद इनामी राशि बढ़कर 57,400 रुपए तक पहुंच गई। स्वर्गीय गिरधारीलाल पटेल की स्मृति में विजेता टीम के लिए 11 हजार रुपए की राशि उपलब्ध कराने में पूर्व मंडी अध्यक्ष दिनेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रतियोगिता में पिपरिया संकल्प फाउंडेशन, सचिन स्पोर्ट्स, हथवास, मजदूर एकता, ग्राम खापरखेड़ा और छिंदवाड़ा के गोविंदा ग्रुप ने सहभागिता की। विगत वर्ष की विजेता छिंदवाड़ा टीम ने फाइनल राउंड के दूसरे प्रयास में बेहतरीन संतुलन और नियंत्रण का प्रदर्शन करते हुए दही हांडी मटकी फोड़ दी। इस रोमांचक क्षण को देखकर वहां मौजूद हजारों श्रद्धालु और दर्शक उत्साहित हो उठे।
सांसद ने कहा—पिपरिया की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का हिस्सा है आयोजन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी रहे। उन्होंने आयोजन को धार्मिक सौहार्द की नगरी पिपरिया की गौरवशाली परंपरा बताया। सांसद ने कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देते हुए सांस्कृतिक महोत्सव के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
आधी रात तक चला आयोजन, पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
प्रतियोगिता आधी रात तक चली। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने दर्शकों द्वारा टीमों का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया। चूंकि आयोजन नगर के हृदय स्थल मुख्य मंगलवारा चौराहे पर आयोजित किया गया था जिसके दृष्टिगत पुलिस प्रशासन ने भी सक्रियता के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में विशेष सहयोग किया। आयोजन में महिलाओं के लिए बैठने की वैकल्पिक ख़ास व्यवस्था की गई थी।
आयोजन को सफल बनाने में हाइड्रा संचालक, मिट्टी और बुरादा उपलब्ध कराने वाले सहयोगियों सहित ग्राउंड की व्यवस्थाएं संभालने वाले रज्जू विश्वकर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में रेफरी की जिम्मेदारी अरविंद शर्मा और प्रीतम पुर्विया ने निभाई।
आयोजकों ने वरिष्ठ सहयोगियों बलराम सिंह बैस, श्री सोडानी, पिंकी खनूजा, अरविंद राय, सुब्रत लहरी, समेत जयमातादी समिति के सदस्यों सहित उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने ग्राउंड और दर्शकों के बीच व्यवस्थाएं संभालते हुए आयोजन को सफल बनाया।
छिंदवाड़ा की टीम के विजेता बनने के साथ ही दही हांडी प्रतियोगिता का समापन उत्साह, जयकारों और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच हुआ।
रिपोर्ट – लोकेश मालवीय पिपरिया।






