
Sohagpur अजमेर की तर्ज पर सोहागपुर में छठवां कुल शरीफ हर्षोल्लास से मनाया गया
नगर के मुस्लिम समुदाय ने ख़्वाजा पीर पलाश परिसर पर चादर चढ़ाकर अमन चैन कायम रखने की दुआ की
नवलोक समाचार, सोहागपुर। महान सूफी संत हजरत ख्वाजा गरीब नवाज का 814वां उर्स इन दिनों राजस्थान के अजमेर शरीफ में पूरी अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले की सोहागपुर तहसील में भी अजमेर की तर्ज पर ख्वाजा पीर चिल्ला कमेटी द्वारा छठवां कुल शरीफ हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कमेटी द्वारा ख्वाजा पीर की दरगाह पर चादर पेश की गई तथा देश-दुनिया में अमन-चैन और भाईचारे की दुआएं मांगी गईं। कार्यक्रम के दौरान लंगर प्रसादी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंदों ने सहभागिता की। छठवें कुल शरीफ के मौके पर दरगाह परिसर में धार्मिक माहौल देखने को मिला, जहां कव्वाली, फातिहा और विशेष दुआओं के माध्यम से सूफी परंपराओं का निर्वहन किया गया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे अकीदतमंदों ने ख्वाजा पीर के आस्ताने पर मत्था टेककर अपनी मुरादें मांगी। ख्वाजा पीर चिल्ला कमेटी के आरिफ तूफानी एवं इकबाल बाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि अजमेर शरीफ में उर्स के दौरान छठवां, नौवां और दसवां कुल विशेष रूप से धूमधाम से मनाया जाता है। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए सोहागपुर स्थित ख्वाजा पीर दरगाह पर भी बीते कई वर्षों से अजमेर की तर्ज पर तमाम रस्मात अदा की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सूफी संतों की शिक्षाओं—प्रेम, भाईचारा और इंसानियत—को समाज तक पहुंचाना है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सूफी परंपरा की मिसाल पेश की।
30 दिसम्बर को 9वाँ कुल पर एकत्रित होगे हजारो श्रद्धालु
बता दे कि आगामी 30 दिसम्बर को ख्वाजा पीर चिल्ले पर नर्मदापुरम जिलें सहित आसपास के पड़ोसी जिले के हजारो जायरीन उर्स में शिरकत करेगे. वही व्यापक रूप से चादर , अलम के जुलुस एवं लंगर, क़व्वाली के विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगी.





